विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष ग्राम सभा और पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में “स्वच्छ गाँव, सुरक्षित जलवायु अभियान” के सफल क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा की अध्यक्षता में गूगल मीट के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक पंचायती राज, पीएचईडी एवं वन विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने भाग लिया।
बैठक में बताया गया कि पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 1 से 5 जून 2026 तक ग्राम पंचायत स्तर पर “स्वच्छ गाँव, सुरक्षित जलवायु अभियान” चलाया जाएगा। इसके तहत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “क्लीन एंड ग्रीन विलेज” निर्धारित की गई है।
विशेष ग्राम सभा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, ठोस एवं प्लास्टिक कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण तथा सुरक्षित स्वच्छता पद्धतियों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए स्थानीय स्तर पर चर्चा एवं सामुदायिक पहल को प्रोत्साहित किया जाएगा।
बैठक में निर्देश दिया गया कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम पांच फलदार अथवा छायादार पौधे लगाए जाएं। ग्राम सभा की कार्यवाही एवं फोटोग्राफ विभागीय पोर्टल पर अपलोड कर जिला पंचायत राज कार्यालय को प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

