लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
मुंबई/इंद्र यादव: आर्थिक राजधानी मुंबई में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने शहर के भीतर चल रही अवैध ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 50 से 60 करोड़ रुपये कीमत के ड्रग्स और भारी मात्रा में कच्चा माल जब्त किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के एक इलाके में बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थ तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर ANC की विशेष टीम ने अचानक छापा मारकर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया। फैक्ट्री के अंदर हाई-क्वालिटी ड्रग्स बनाने की व्यवस्था देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
जांच में सामने आया है कि ड्रग्स माफिया ने इस बार किसी दूरदराज इलाके के बजाय सीधे मुंबई शहर के भीतर ही मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित कर रखी थी। पुलिस का मानना है कि यहां तैयार हो रहे नशीले पदार्थ सिर्फ मुंबई ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों और विदेशों में भी सप्लाई किए जाने वाले थे।
फिलहाल जांच की गोपनीयता बनाए रखने के लिए पुलिस ने ड्रग्स के प्रकार, फैक्ट्री की सटीक लोकेशन और गिरफ्तार आरोपियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि इस मामले के तार बड़े इंटरस्टेट ड्रग सिंडिकेट से जुड़े हो सकते हैं।
मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और जल्द ही इस मामले में कई और बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

