जमीन विवाद में युवक की मौत से भड़का आक्रोश, पांच घंटे तक जाम रहा मंडरो चौक
राष्ट्र संवाद संवादाता
आरोपी भाई गिरफ्तार, एक सप्ताह में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर प्रशासन ने खुलवाया जाम
गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगारो गांव में जमीन विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। दो भाइयों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति की जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों तथा परिजनों ने मंडरो चौक को करीब पांच घंटे तक जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
मृतक की पहचान बंगारो गांव निवासी इंद्रदेव यादव के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मंडरो बरवाबाद इलाके में जमीन को लेकर परिवार के भीतर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को इसी विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान मारपीट हुई, जिसमें इंद्रदेव यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इंद्रदेव यादव की मौत की खबर गांव पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मंडरो चौक को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जमीन विवाद को लेकर पहले भी कई बार तनाव की स्थिति बनी थी, लेकिन समय रहते प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं की गई, जिसका नतीजा आज एक व्यक्ति की मौत के रूप में सामने आया।
सड़क जाम के कारण क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कई यात्री और छोटे-बड़े वाहन घंटों सड़क पर फंसे रहे। सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण आरोपी पक्ष की गिरफ्तारी और प्रशासन से ठोस आश्वासन की मांग पर अड़े रहे।
इसी बीच अमरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों से बातचीत की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले में संलिप्त सभी आरोपियों की गिरफ्तारी एक सप्ताह के भीतर कर ली जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। एसडीपीओ के आश्वासन के बाद धीरे-धीरे लोगों का गुस्सा शांत हुआ और करीब पांच घंटे बाद सड़क जाम समाप्त कराया जा सका।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई भोला यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इंद्रदेव यादव का शव गांव पहुंचने की संभावना है। गांव में शोक और मातम का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

