राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल चौका थाना अंतर्गत रांची जमशेदपुर मार्ग स्थित बोड़ामटांड़ स्थित एनएच-33 पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बोड़ामटांड़ में हाइवे मार्ग किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े ट्रेलर और हाइवा के बीच हुई जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान केंदडीह गांव निवासी धर्मेंद्र महतो और हुंडी गांव निवासी गुरुपद महतो के रूप में हुई है। सूत्रों की माने तो हाइवा ईचगढ़ बालू लोड करने जा रहा था .
पुलिस के अनुसार ट्रक (रजि. नं. NL01AE 4224) सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान रांची की ओर जा रही हाइवा (रजि. नं. JH05AN4390) पीछे से ट्रेलर में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाइवा का केबिन बुरी तरह दब गया और चालक व उपचालक उसमें फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना थाना प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे ओर मौके पर निजी स्तर पर जेसीबी की सहायता से दोनों को बाहर निकाला गया। उपचालक गुरुपद महतो की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक धर्मेंद्र महतो को बेहतर इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल चांडिल भेजा गया। वहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-33 पर अक्सर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर कार्रवाई करने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। जिला यातायात प्रभारी राजा ठाकुर ने घटना से 5 घंटे पूर्व सड़क किनारे बेतरतीब तरीके खड़े भारी वाहन पर फाइन किया था,उन्होंने बताया एनएच किनारे संभावित दुर्घटना क्षेत्रों में बेतरतीब तरीके भरी वाहनों को पार्किंग करते पाए जाने पर करवाई की जाएगी,ये अभियान लगातार चलाया जायेगा।

