राष्ट्र संवाद संवाददाता
कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत गिद्दीबेड़ा टोल के समीप शनिवार की शाम एक सफारी कार द्वारा विपरीत दिशा से आ रहे एक पैसेंजर ऑटो को ठोकर मार दी। इस सड़क दुर्घटना में ऑटो सवार सात यात्री घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार रांची की ओर से आ रही थी। इसी दौरान गिद्धिबेड़ा टोल के समीप कांड्रा से चांडिल जा रहे ऑटो से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया जिससे ऑटो में सवार सभी यात्री घायल हो गए। घायलों में तीन यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जबकि चार घायलों को सूचना के बाद मौके पर पहुंची कांड्रा पुलिस द्वारा इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि सफारी कार पर “उप-सचिव योजना एवं विकास, झारखंड सरकार” का बोर्ड लगा हुआ था। दुर्घटना के बाद सफारी वाहन सवार व्यक्ति ने घायलों के इलाज और क्षतिग्रस्त ऑटो के नुकसान की भरपाई कराने की बात कही। हालांकि घटना के बाद कांड्रा थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को छोड़ दिया।

