रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 की पार्षद नीतू शर्मा ने नगर विकास मंत्री से मुलाकात कर वार्ड की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने वार्ड में लंबे समय से लंबित पड़ी आधारभूत सुविधाओं एवं विकास योजनाओं को शीघ्र स्वीकृति दिलाने की मांग की। पार्षद ने मंत्री को सौंपे गए आवेदन में बताया कि वार्ड 17 के हरिओम नगर 5/B से मंटुन राय के घर तक सड़क एवं नाली निर्माण कार्य अत्यंत आवश्यक है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा जयप्रकाश उद्यान स्थित गणेश लक्ष्य अपार्टमेंट में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सुलिस गेट निर्माण की भी मांग रखी गई। पार्षद नीतू शर्मा ने छठ घाट समेत वार्ड की कई रुकी हुई विकास योजनाओं को जल्द पारित कराने का आग्रह करते हुए नगर निगम में फंड की कमी का मुद्दा भी गंभीरता से उठाया। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी के कारण कई जनहित योजनाएं अधर में लटकी हुई हैं, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। वार्ड में व्याप्त पेयजल संकट को लेकर भी उन्होंने मंत्री को अवगत कराया और जिंदल कंपनी द्वारा संचालित जल नल योजना को जल्द शुरू कराने की मांग की, ताकि लोगों को नियमित रूप से पानी उपलब्ध हो सके। मंत्री से मुलाकात के दौरान पार्षद ने वार्ड की अन्य छोटी-बड़ी समस्याओं को भी विस्तारपूर्वक रखा और जल्द समाधान की अपेक्षा जताई। इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि वार्ड 17 की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में अब तेजी आएगी।

