फतेहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध विदेशी शराब के साथ एक गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में अवैध शराब कारोबार एवं असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फतेहपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिलेभर में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 मई को गुप्त सूचना के आधार पर फतेहपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में ग्राम बेलबोरॉय स्थित एक ठंडा एवं कोल्ड ड्रिंक दुकान में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान दुकान से विभिन्न ब्रांड की विदेशी अंग्रेजी शराब एवं बीयर बड़ी मात्रा में बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में दुकान संचालक शराब के भंडारण एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस, परमिट अथवा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद मौके से आरोपी विश्वजीत गोराई को गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद शराब को विधिसम्मत रूप से जब्त करते हुए फतेहपुर थाना कांड संख्या 15/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं एवं झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जामताड़ा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, नशा कारोबार एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस हेल्पलाइन पर दें। जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

