पेयजल आपूर्ति और चापाकल मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा गर्मी के मौसम में जल संकट से निपटने को लेकर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चापाकल मरम्मत, जलापूर्ति, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) चरण-2 एवं जल जीवन मिशन की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त ने की।
बैठक में जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान खराब पड़े नलकूपों एवं चापाकलों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही क्लस्टर एसवीएस एवं एमवीएस योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए बंद पड़ी योजनाओं को जल्द चालू करने और सभी कनीय अभियंताओं को प्रखंड स्तर पर आवासन सुनिश्चित करने को कहा गया।
शहरी जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, चापाकलों को दुरुस्त रखने तथा विभिन्न निविदा कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के छूटे हुए लाभुकों की जांच कर ऑनलाइन स्वीकृति देने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा ग्राम स्तर पर ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के आधार पर पांच स्टार रेटिंग हासिल करने तथा जिले के प्रत्येक प्रखंड में एक मॉडल सामुदायिक स्वच्छता परिसर के लिए स्थल चयन करने को कहा गया।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि निर्बाध पेयजलापूर्ति और योजनाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन समयबद्ध तरीके से करने का निर्देश दिया गया।

