दलमा में वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता पर दो दिवसीय सेमिनार आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड सरकार तथा झारखंड जैव विविधता परिषद के संयुक्त तत्वावधान में वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दलमा के मकुलाकोचा सभागार में दो दिवसीय सेमिनार आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में झारखंड सरकार के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) एवं जैव विविधता परिषद के अधिकारी विश्वनाथ शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और जल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
सेमिनार के दौरान दलमा वन क्षेत्र के आसपास के गांवों से आए छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला प्रतियोगिता और वन्यजीव अवलोकन से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। विश्वनाथ शाह ने कहा कि दलमा क्षेत्र के बच्चे जंगल और वन्यजीवों के बारे में गहरी समझ रखते हैं, जिन्हें उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देकर प्रकृति संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम पूरे झारखंड में आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका समापन 22 मई को रांची में होगा।

