जनगणना 2027 के लिए कलादलों को दिया गया प्रशिक्षण, 16 मई से शुरू होगा मकान सूचीकरण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत 16 मई से 14 जून 2026 तक होने वाले मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को लेकर जिला जनसंपर्क कार्यालय सभागार में निबंधित कलादलों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिला सांख्यिकी सह जनगणना पदाधिकारी मोजाहिद अंसारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव तथा जनगणना निदेशालय, झारखंड के जिला समन्वयक ने कलादलों को व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी।
अधिकारियों ने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना (Self Enumeration) की व्यवस्था 1 मई से 15 मई 2026 तक पोर्टल https://se.census.gov.in पर उपलब्ध है। लोग स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना करने वालों को प्रगणकों के सत्यापन के लिए अपना SE-ID दिखाना होगा।
16 मई से प्रगणक घर-घर जाकर ऑनलाइन माध्यम से 33 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र करेंगे। इसमें मकान की संरचना, स्वामित्व, परिवार के सदस्यों की संख्या, पेयजल, बिजली, शौचालय, रसोई, इंटरनेट, मोबाइल, वाहन, मुख्य अनाज सहित अन्य सामाजिक-आर्थिक जानकारी शामिल होगी। किसी भी प्रकार के दस्तावेज की मांग नहीं की जाएगी; केवल परिवार के मुखिया का मोबाइल नंबर दर्ज किया जाएगा।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसके आधार पर विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं। उन्होंने कलादलों से अपील की कि वे जनगणना को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करें और लोगों को प्रगणकों को सही जानकारी देने के लिए प्रेरित करें। साथ ही, अभियान के दौरान लू और वज्रपात से बचाव संबंधी जागरूकता फैलाने के निर्देश भी दिए गए।

