बोकारो में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, चार गिरफ्तार, भारी मात्रा में अर्ध निर्मित हथियार के साथ 6 जिंदा गोली बरामद।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बोकारो पुलिस ने एसटीएफ पटना और गुप्त सूचना के आधार पर बेरमो थाना क्षेत्र के सुभाषनगर में छापेमारी कर अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से चार अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपी राजकुमार सिंह उर्फ बंटी फरार हो गया। इस मामले की जानकारी देते हुए बेरमो एसडीपीओ बीएन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में देवघर निवासी उस्मान अंसारी उर्फ अरमान, मुंगेर निवासी मो. रिजवान, मो. इम्तियाज और संजय कुमार साव उर्फ संजय गुप्ता शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई का काम करते थे तथा कई राज्यों में पहले भी जेल जा चुके हैं। देवघर निवासी उस्मान अंसारी उर्फ अरमान गांडेय थाना क्षेत्र में मिनी गन फैक्ट्री भंडाफोड़ मामले में फर्क चल रहा था। उस्मान राजकुमार और मुंगेर के हथियार बनाने वाले कारीगरों के बीच कड़ी का काम करता था। इन हथियारों को उस्मान राजकुमार सिंह से ₹25000 में लेने का काम किया जाता था।। जो उसे महंगे दामों में अपराधियों को बेचने का काम करता था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अर्धनिर्मित पिस्टल, बैरल, स्लाइडर, जिंदा गोली, लेथ मशीन, मिलिंग मशीन, ड्रिल मशीन, मोटर ग्राइंडर सहित बड़ी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए। मौके से छह हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है। उस्मान अंसारी पर आर्म्स एक्ट, हत्या और लूट समेत कई मामले दर्ज हैं, जबकि मो. रिजवान के खिलाफ भी मुंगेर में कई आपराधिक कांड दर्ज हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

