राष्ट्र संवाद संवादाता जादूगोड़ा
यूसीआईएल में इन दिनों केवल टेलिंग पोंड और पर्यावरणीय मुद्दों को लेकर ही नहीं, बल्कि शीर्ष नेतृत्व की कार्यशैली और अनुभव को लेकर भी अंदरूनी स्तर पर गंभीर बहस चल रही है। कर्मचारियों, अधिकारियों और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच यह चर्चा तेज है कि क्या वर्तमान नेतृत्व यूसीआईएल जैसे बड़े और जटिल खनन आधारित सार्वजनिक उपक्रम की चुनौतियों के अनुरूप पर्याप्त औद्योगिक अनुभव रखता है।
संगठन से जुड़े सूत्रों के अनुसार, वर्तमान सीएमडी डॉ. के. आनंद राव का अधिकांश अनुभव वैज्ञानिक अनुसंधान और प्रयोगशाला आधारित कार्यों से जुड़ा रहा है। संगठन के भीतर यह चर्चा है कि हैदराबाद स्थित भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर (बीएआरसी ) में उनका कार्यक्षेत्र अपेक्षाकृत सीमित आकार के वैज्ञानिक सेटअप तक केंद्रित था, जहां कर्मियों की संख्या भी काफी कम बताई जाती है।
इसी को लेकर अब यूसीआईएल के अंदर यह सवाल उठ रहा है कि क्या प्रयोगशाला आधारित प्रशासनिक अनुभव और जमीनी औद्योगिक संचालन का अनुभव एक समान माना जा सकता है। कुछ अधिकारियों का कहना है कि यूसीआईएल केवल तकनीकी संस्था नहीं, बल्कि एक विशाल खनन और उत्पादन आधारित संगठन है, जहां हजारों कर्मचारियों, संवेदनशील परियोजनाओं, टेलिंग प्रबंधन, यूनियन समन्वय और सुरक्षा संबंधी मामलों को एक साथ संभालना पड़ता है।
सूत्रों का दावा है कि संगठन के भीतर कई महत्वपूर्ण निर्णयों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कुछ अधिकारियों का आरोप है कि वर्तमान नेतृत्व में निर्णय लेने की प्रक्रिया अपेक्षाकृत केंद्रीकृत और अस्थिर दिखाई दे रही है, जिससे कई स्तरों पर भ्रम की स्थिति बन रही है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच यह भी चर्चा है कि संगठन में फील्ड आधारित अनुभवी अधिकारियों की भूमिका पहले की तुलना में कम प्रभावी दिखाई दे रही है। उनका कहना है कि खनन और मिल संचालन जैसे अत्यंत तकनीकी और जोखिम वाले क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।
इसी बीच यूसीआईएल के अंदर यह चर्चा भी तेज है कि कई वरिष्ठ अधिकारी खुद को निर्णय प्रक्रिया से अलग-थलग महसूस कर रहे हैं। कुछ अधिकारियों का मानना है कि संगठन के पारंपरिक प्रशासनिक ढांचे और वरिष्ठता आधारित संतुलन में बदलाव की स्थिति बनी है।
संगठन से जुड़े लोगों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में कर्मचारियों के बीच भविष्य को लेकर अनिश्चितता बढ़ी है। उत्पादन, परियोजना प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के बीच कर्मचारियों का एक वर्ग मानता है कि संगठन को अधिक स्थिर और अनुभवी औद्योगिक नेतृत्व की आवश्यकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि वैज्ञानिक पृष्ठभूमि किसी भी संस्थान के लिए महत्वपूर्ण हो सकती है, लेकिन यूसीआईएल जैसे रणनीतिक खनन उपक्रम में केवल वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर्याप्त नहीं माना जा सकता। उनका कहना है कि ऐसे संस्थानों में फील्ड स्तरीय निर्णय क्षमता, संकट प्रबंधन, मानव संसाधन समन्वय और औद्योगिक अनुभव समान रूप से आवश्यक होते हैं।
कुछ कर्मचारियों का यह भी कहना है कि यदि शीर्ष स्तर पर स्पष्ट रणनीतिक दिशा और मजबूत औद्योगिक प्रबंधन नहीं दिखा, तो भविष्य में संगठनात्मक अस्थिरता बढ़ सकती है।
हालांकि, इन सभी दावों, चर्चाओं और आरोपों पर यूसीआईएल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

