शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में उपस्थिति सुधारने के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय में सोमवार को उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन परफॉर्मेंस रिव्यू बैठक आयोजित हुई। बैठक उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर बुलाई गई, जिसमें विद्यालयों में शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति समेत विभिन्न शैक्षणिक मानकों की समीक्षा की गई।
बैठक में ई-विद्यावाहिनी एप के माध्यम से शिक्षकों की उपस्थिति, छात्रों की उपस्थिति, आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कई विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति 70 प्रतिशत से कम पाए जाने पर उप विकास आयुक्त ने नाराजगी जताई।
उन्होंने 70 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। साथ ही विलंब से विद्यालय पहुंचने वाले शिक्षकों को चिह्नित कर उनका भी एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने विद्यालयों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए अपार आईडी निर्माण, छूटे हुए बच्चों का आधार कार्ड बनवाने और छात्रवृत्ति से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग के सभी निर्धारित पैरामीटरों पर अपेक्षित प्रगति लाना आवश्यक है।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक और संबंधित प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी उपस्थित रहे।

