दहेज विवाद में दामाद ने ससुर पर कुल्हाड़ी से किया जानलेवा हमला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बोकारो। चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मामरकुदार में दहेज विवाद को लेकर दामाद द्वारा अपने ससुर पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल गौतम कुमार मिश्रा का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, मामरकुदार स्थित कृष्ण पूजा भंडार निवासी गौतम कुमार मिश्रा ने करीब आठ वर्ष पूर्व अपनी बेटी की शादी झरिया निवासी राकेश कुमार मिश्रा से की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही राकेश अपनी पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था और अक्सर धमकी देता रहता था।
आरोप है कि इसी विवाद को लेकर राकेश कुमार मिश्रा अपने कुछ साथियों के साथ मामरकुदार पहुंचा और पूर्व नियोजित तरीके से अपने ससुर पर लकड़ी काटने वाली कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गौतम कुमार मिश्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

