कारों और वॉशिंग मशीनों के लिए पूरी तरह रिसायकल स्टील पर शोध कर रही टाटा स्टील नेदरलैंड
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा स्टील नेदरलैंड यूरोपीय शोध परियोजना CiSMA में भाग लेकर कारों और वॉशिंग मशीनों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले स्टील को पूरी तरह रिसायकल करने की दिशा में काम कर रही है। इस परियोजना का उद्देश्य स्क्रैप से इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस (EAF) तकनीक के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाला स्टील विकसित करना और शीट स्टील उत्पादन में CO₂ उत्सर्जन को 70 प्रतिशत तक कम करना है।
परियोजना से जुड़े शोधकर्ता डॉ. राधाकांत राणा ने कहा कि इससे प्राप्त अनुभव और तकनीकी ज्ञान यूरोप की सर्कुलर इकोनॉमी को मजबूत करने के साथ-साथ टाटा स्टील के ग्रीन स्टील अभियान में भी उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने बताया कि शोध के तहत मशीन लर्निंग और डिजिटल मॉडल की मदद से दूषित स्क्रैप को साफ कर उपयोग योग्य बनाने और कॉपर जैसे महत्वपूर्ण कच्चे पदार्थों की पुनर्प्राप्ति पर भी काम किया जा रहा है।
इस परियोजना में वॉल्वो कार्स और इलेक्ट्रोलक्स प्रोफेशनल जैसी कंपनियां कारों और वॉशिंग मशीनों में रिसायकल स्टील के व्यावसायिक उपयोग की संभावनाओं का अध्ययन कर रही हैं। पांच देशों के 13 साझेदारों वाली इस परियोजना का कुल बजट 4.5 मिलियन यूरो है, जिसे यूरोपीय संघ के Horizon Europe कार्यक्रम के तहत वित्तपोषित किया जा रहा है।

