जामताड़ा की रेल सुविधाओं को लेकर पहल, मांगों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले की रेल सुविधाओं में सुधार को लेकर उठाई गई मांगों पर सकारात्मक पहल शुरू हो गई है। जामताड़ा भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण द्वारा रेल मंत्रालय को भेजे गए अनुरोध पर रेल राज्य मंत्री कार्यालय ने आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित निदेशालय को प्रस्ताव प्रेषित कर दिया है। इसकी जानकारी स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्राप्त पत्र से मिली।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि जामताड़ा रेलवे स्टेशन मुख्य लाइन पर स्थित होने के बावजूद यहां सीमित ट्रेनों के ठहराव और लोकल ट्रेनों की कमी से यात्रियों को काफी परेशानी होती है। विशेष रूप से आसनसोल से जामताड़ा लौटने वाले यात्रियों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच लोकल ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
रेल मंत्रालय को भेजी गई मांगों में आसनसोल-जसीडीह के बीच दोपहर में एक लोकल ट्रेन चलाने, सुभाष चौक के पास स्थित संकीर्ण रेलवे अंडरपास के चौड़ीकरण तथा जामताड़ा स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था शामिल है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिले के बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा और अन्य कार्यों के लिए प्रतिदिन रेल यात्रा करते हैं, इसलिए इन मांगों के पूरा होने से आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने रेल मंत्री और रेल राज्य मंत्री के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

