समाहरणालय परिसर के सौंदर्यीकरण और व्यवस्थाओं का उपायुक्त ने लिया जायजा
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभागार, एनआईसी कार्यालय, उपायुक्त न्यायालय सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों सभागारों में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष और एनआईसी कार्यालय का भी अवलोकन किया। उन्होंने कार्यरत कर्मियों से बातचीत कर दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा। कार्यालय परिसर में फैले कचरे और अव्यवस्थित रखरखाव पर नाराजगी जताते हुए साफ-सफाई बनाए रखने तथा कार्यस्थल को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया।
इसके अलावा समाहरणालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर अव्यवस्थित रूप से फैले विद्युत एवं इंटरनेट तारों को हटाकर सुव्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने उपायुक्त न्यायालय का भी निरीक्षण कर परिसर को अधिक कार्यात्मक और स्वच्छ बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ विमर्श किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, प्रभारी नजारत उप समाहर्ता विकेश कुणाल प्रजापति, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी संतोष कुमार घोष सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

