प्रिन्स खान गैंग पर बड़ा खुलासा, आरोप-प्रत्यारोप के बीच निष्पक्ष जांच जरूरी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद पुलिस द्वारा प्रिन्स खान गैंग के खिलाफ किए गए खुलासे ने राज्य में संगठित अपराध, रंगदारी और उसके कथित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन को लेकर चिंता बढ़ा दी है। एसएसपी प्रभात कुमार ने दावा किया है कि गैंग का नेटवर्क हवाला, बिटकॉइन और फर्जी बैंक खातों के जरिए संचालित हो रहा था तथा प्रिन्स खान के पाकिस्तान और प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से संबंधों की जांच में जानकारी मिली है। पुलिस का यह भी कहना है कि अब प्रिन्स खान को आर्थिक मदद देना आतंकवाद को फंडिंग माना जाएगा।

दूसरी ओर, वायरल वीडियो के जरिए एसएसपी और प्रशासन पर लगाए गए आरोपों को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से धनबाद एसएसपी को हटाकर पूरे मामले की न्यायिक निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। मरांडी का कहना है कि यदि आरोपों में सच्चाई है तो यह प्रशासन और माफिया गठजोड़ का बेहद चिंताजनक संकेत है।
ऐसे में यह मामला केवल अपराध या राजनीति तक सीमित नहीं रह जाता, बल्कि जनता के विश्वास और कानून व्यवस्था की साख से भी जुड़ जाता है। जरूरत इस बात की है कि न अपराधियों के दावों को अंतिम सच माना जाए और न राजनीतिक आरोपों को बिना जांच स्वीकार किया जाए। सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष, पारदर्शी और दबावमुक्त जांच ही सबसे बड़ा रास्ता है।

