उपायुक्त ने सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, समयपालन और जनसेवा पर दिया जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने गुरुवार को जामताड़ा सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय व्यवस्था, अभिलेख संधारण और जनसेवा से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजी, रोकड़ पंजी, अवकाश पंजी, लगान पंजी, प्रमाण पत्र निर्गमन पंजी, आगत-निर्गत पंजी तथा राजस्व न्यायालय पंजी सहित विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया और उनके समुचित संधारण का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मियों को समय पर कार्यालय पहुंचने तथा कार्यप्रणाली में सुधार लाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि प्रखंड और अंचल कार्यालयों में दूरदराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर आते हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजनों को बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने साफ-सफाई और संचिकाओं के बेहतर रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रखंड सभागार में जनगणना 2027 को लेकर चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी जायजा लिया। उन्होंने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों से कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए प्रशिक्षण गंभीरता से लें और त्रुटिरहित कार्य सुनिश्चित करें। साथ ही स्व-गणना को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया। इस दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

