राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: शादी की खुशियां अभी फीकी भी नहीं पड़ी थीं कि एक नवविवाहित दंपत्ति के साथ बड़ा हादसा हो गया। बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच में सफर के दौरान दुल्हन के गहनों से भरा बैग रहस्यमय तरीके से गायब हो गया।
पीड़ित दंपत्ति दानापुर निवासी स्वराज सुमन और ऋचा कुमारी हैं, जो शादी के बाद टाटानगर एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने आ रहे थे। बताया जा रहा है कि घटना मोकामा स्टेशन के पास हुई। सुबह करीब 5 बजे नींद खुलने पर बैग गायब मिला, जिसमें लगभग 30 लाख रुपये के आभूषण होने की बात कही जा रही है।
घटना के बाद कोच में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे सुरक्षा बल ने तत्काल जांच शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। टाटानगर पहुंचने पर दंपत्ति ने जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
रेल पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और मोकामा स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

