राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: संयुक्त ट्रेड यूनियन के बैनर तले मजदूरों ने टिनप्लेट कंपनी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
मजदूर नेता अंबुज ठाकुर ने बताया कि नर्सरी विभाग में कार्यरत श्रमिक अगस्त 2019 से 31 अक्टूबर 2025 तक लगातार काम कर रहे थे, लेकिन अचानक उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक श्रमिकों को अंतिम भुगतान नहीं किया गया है।

मजदूरों का कहना है कि ठेका दोबारा उसी कंपनी को मिलने के बावजूद 16 श्रमिकों को काम पर नहीं रखा जा रहा है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
मजदूरों ने प्रबंधन से बकाया भुगतान और पुनर्नियुक्ति की मांग की है। वहीं, यूनियन ने चेतावनी दी है कि 15 दिनों के भीतर मांगें पूरी नहीं होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

