अंबा में मई दिवस पर शहीद मजदूरों को श्रद्धांजलि, सीपीआईएम ने मजदूर एकता का लिया संकल्प
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड के अंबा में शुक्रवार को सीपीआईएम लोकल कमेटी के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सीपीआईएम जिला कमेटी सदस्य सुकुमार बावरी द्वारा पार्टी ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने शहीद वेदी पर पुष्प अर्पित कर शिकागो के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने “मजदूर दिवस जिंदाबाद”, “शिकागो के अमर शहीदों को लाल सलाम”, “दुनिया के मजदूरों एक हो” और “समाजवाद जिंदाबाद” जैसे नारों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। सभा को संबोधित करते हुए सुकुमार बावरी ने मई दिवस के इतिहास और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 1886 में अमेरिका के शिकागो में मजदूरों ने आठ घंटे कार्यदिवस की मांग को लेकर ऐतिहासिक हड़ताल की थी। इस आंदोलन में कई मजदूरों ने अपने प्राणों की आहुति दी, जिसके बाद 1 मई को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई।
उन्होंने कहा कि मई दिवस संघर्ष, संकल्प और मजदूर अधिकारों की रक्षा का प्रतीक है। कार्यक्रम में श्रमिकों ने शोषण के खिलाफ संघर्ष तेज करने और एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस मौके पर घनश्याम गोराई, उत्तम बाक्ति, निरामय डोम, परिमल मंडल, बबलू बाक्ति, पागल डोम, मानिक ठाकुर, शेख फटीक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

