मरीज की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, एमजीएम अस्पताल की चौथी मंजिल से कूदने जा रहे मरीज को बचाया
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। मेडिसिन वार्ड पार्ट-टू में भर्ती एक मरीज चौथी मंजिल की खिड़की से कूदने का प्रयास कर रहा था, लेकिन उसी वार्ड में भर्ती दूसरे मरीज की सूझबूझ और साहस से उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार धालभूमगढ़ प्रखंड के ऊपरसोली गांव निवासी 52 वर्षीय सुफल सिंह 17 जून से सर्दी, बुखार और शरीर में खिंचाव की शिकायत के कारण अस्पताल में भर्ती हैं।
शुक्रवार शाम उन्हें बेड संख्या 451 पर शिफ्ट किया गया था। रात में अचानक वह बेचैन हो गए और खिड़की के पास पहुंचकर बाहर निकलने का प्रयास करने लगे। उन्होंने अपना आधा शरीर खिड़की के बाहर निकाल लिया था।
इसी दौरान बेड संख्या 453 पर भर्ती बर्मामाइंस निवासी बलबीर पांडे ने तत्काल दौड़कर उन्हें पकड़ लिया और अंदर खींच लिया। खिड़की के बाहर बने छज्जे के कारण भी उन्हें संभालने में मदद मिली। घटना के बाद वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा कर्मी और चिकित्सक मौके पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार मरीज पिछले दो दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थे और उन्होंने कुछ नहीं खाया था। फिलहाल परिजनों की सहमति से उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

