नगर निकायों की समीक्षा बैठक में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में नगर निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और नागरिक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी नगर निकायों को विकास कार्यों में तेजी लाने, योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बरतने और आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने और पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, राजस्व संग्रहण, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट, आवास, रोजगार योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत शहर के बाजारों और प्रमुख सड़कों की सफाई रात में या सुबह 5 बजे से पहले कराने का निर्देश दिया।
गर्मी को देखते हुए सभी सार्वजनिक स्थलों पर दो दिनों के भीतर घड़ा और सुराही के माध्यम से अस्थायी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा एक सप्ताह के भीतर चिन्हित स्थानों पर वाटर एटीएम स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों में स्वच्छता, बिजली और पानी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।
उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को प्रभावी बनाने, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने और बरसात से पहले सभी नालों की सफाई पूरी करने का निर्देश दिया। इसके अलावा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार योजनाओं का विस्तार और सफाई कर्मियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया।
बैठक में जेएनएसी, मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद, चाकुलिया नगर परिषद तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

