जमशेदपुर में अस्मिता बॉक्सिंग सिटी लीग संपन्न, 98 बालिका खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की खेल शाखा द्वारा आयोजित अस्मिता बॉक्सिंग सिटी लीग का मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। न्यू सीतारामडेरा कम्युनिटी सेंटर में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले भर से 98 बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में कस्तूरबा विद्यालय पटमदा, करनडीह बॉक्सिंग क्लब, बारीडीह, नमदा, सीतारामडेरा, मंगल सिंह क्लब, टाटा बॉक्सिंग सेंटर, मैंगो बॉक्सिंग सेंटर, केपीएस स्कूल मानगो और लोयोला स्कूल कदमा समेत कई संस्थानों की खिलाड़ियों ने भाग लिया।
विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ बॉक्सर और सर्वश्रेष्ठ चैलेंजर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विजेता खिलाड़ियों को मेडल और अन्य पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी, जिला खेल समन्वयक, जिला पर्यटन विशेषज्ञ, विभिन्न क्लबों के कोच और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता ने जिले में बालिका खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को भी नई दिशा दी।

