राष्ट्र संवाद संवाददाता
झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री के निर्देश पर जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार के नेतृत्व में स्कूल बसों और विद्यार्थियों के परिवहन में लगे वाहनों की विशेष जांच अभियान शुरू किया गया। सोमवार, 27 अप्रैल 2026 को डीपीएस स्कूल एवं संत जेवियर स्कूल की बसों सहित अन्य वाहनों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मोटर यान निरीक्षक नेल्सन तिर्की और सड़क सुरक्षा टीम भी मौजूद रही। जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और उनकी सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालक परिवहन से जुड़े दस्तावेजों के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें, अन्यथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

