राष्ट्र संवाद संवाददाता
सोनारी की प्रतिभाशाली खिलाड़ी और गोल्ड मेडलिस्ट श्रेया अधरजी ने सोमवार को झारखंड के पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से उनके घोड़ाबांधा स्थित आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। हाल ही में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर मिस इंडिया 2026 का खिताब जीतने के बाद यह मुलाकात खास चर्चा में रही। इस दौरान श्रेया ने इंडियन फिटनेस एंड बॉडीबिल्डिंग फाउंडेशन द्वारा लखनऊ-बाराबंकी में आयोजित प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने की जानकारी दी, साथ ही पुरी तथा असम-सिक्किम में आयोजित विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। श्रेया की उपलब्धियों को सुनकर अर्जुन मुंडा ने उनकी मेहनत, समर्पण और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड की बेटियां आज देशभर में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने श्रेया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे युवा खिलाड़ी राज्य के लिए प्रेरणा हैं। इस मौके पर श्रेया के पिता अभिजीत अधरजी भी मौजूद रहे।

