राष्ट्र संवाद संवाददाता
करीम सिटी कॉलेज, साकची जमशेदपुर में स्नातकोत्तर सत्र 2026–27 के लिए अर्थशास्त्र और इतिहास विषयों में पीजी कोर्स शुरू करने की दिशा में पहल तेज हो गई है। कोल्हान विश्वविद्यालय द्वारा गठित निरीक्षण दलों ने सोमवार को कॉलेज का विस्तृत निरीक्षण किया। अर्थशास्त्र के लिए गठित टीम में डॉ सूहीता चटर्जी और डॉ अंजू बाला खाखा शामिल थीं, जबकि इतिहास निरीक्षण दल में डॉ संजय नाथ और डॉ अरविंद कुमार सिंह मौजूद रहे। दोनों टीमों की अध्यक्षता डॉ परशुराम सियाल ने की। निरीक्षण के दौरान कक्षाओं, पुस्तकालय, वर्चुअल लाइब्रेरी और रीडिंग रूम का जायजा लिया गया तथा सभी आवश्यक मानकों की जांच की गई। इस मौके पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ मोहम्मद रेयाज, विभागाध्यक्ष डॉ कौसर तस्नीम व डॉ एजाज अहमद सहित अन्य प्राध्यापकों ने निरीक्षण दल को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। निरीक्षण के बाद दोनों टीमें अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय को सौंपेंगी, जिसके आधार पर पीजी कोर्स शुरू करने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

