राष्ट्र संवाद संवाददाता
जामताड़ा: आगामी जनगणना कार्य की तैयारी को लेकर कुंडहित प्रखंड सभागार में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद जमाले राजा ने की। इस दौरान जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन कुमार घोष सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों को जनगणना कार्य को समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों को गंभीरता से लेने पर जोर दिया गया। बीडीओ ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें सटीक आंकड़ों का संकलन बेहद आवश्यक है।
उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षण सत्र में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा गया कि कार्य के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में जनगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, कार्य विभाजन और निगरानी व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी, ताकि जनगणना कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

