उलीडीह में पुरानी रंजिश खूनी बनी, युवक पर चापड़ से हमला, हालत गंभीर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर शहर के उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर 5 में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान अभिनंदन साहू के रूप में हुई है, जिसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार अभिनंदन का विजय उर्फ बिट्ट के साथ पहले से विवाद चल रहा था, जिसका नतीजा यह हुआ कि देर रात आरोपी अपने करीब एक दर्जन साथियों के साथ पहुंचा और उस पर अचानक हमला कर दिया। घटना के बाद लहूलुहान हालत में अभिनंदन किसी तरह अपने बड़े भाई अभिषेक साहू के घर पहुंचा, जहां से उसे उलीडीह थाने ले जाया गया, लेकिन पुलिस ने पहले इलाज कराने की सलाह दी। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

