रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
जमशेदपुर क्षेत्र के प्रखर समाजसेवी करनदीप सिंह ने पूर्वी सिंहभूम जिले के नवनियुक्त उपायुक्त राजीव रंजन से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें नए पदभार के लिए शुभकामनाएं दीं और पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर करनदीप सिंह ने क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिसमें जेम्को कालीमाटी विद्यालय की जर्जर स्थिति चर्चा का केंद्र रही। समाजसेवी के आग्रह पर उपायुक्त ने विद्यालय में शीघ्र नए भवन के निर्माण का आश्वासन दिया, ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण मिल सके। साथ ही उपायुक्त ने विद्यालय की मौजूदा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जल्द ही स्थल निरीक्षण करने की बात भी कही। उपायुक्त की इस सकारात्मक पहल और त्वरित प्रतिक्रिया पर करनदीप सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि प्रशासनिक सहयोग से क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

