राष्ट्र संवाद, संवाददाता
चांडिल जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चौका थाना पुलिस ने बच्चा चोर की अफवाहों को लेकर लोगों में फैल रही भ्रम की स्थिति को दूर करने हेतु चौका थाना क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत थाना परिसर सहित थाना क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर बैनर लगाकर आमजन को सचेत किया गया।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना सत्यापन के कोई जानकारी साझा न करें। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत नजदीकी थाना को देने का आग्रह किया गया है।
चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार ने जागरूकता अभियान के क्रम में कहा सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही बच्चा चोर की खबरें प्रायः अफवाह साबित होती हैं, जिससे अनावश्यक भय और तनाव का माहौल बनता है। ऐसे में सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे सतर्क रहें और अफवाहों को रोकने में सहयोग करें।
इस अभियान का उद्देश्य समाज में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना तथा लोगों को जागरूक कर अफवाहों पर रोक लगाना है।

