पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर जामताड़ा सीमा पर सख्ती,एसपी शंभु कुमार सिंह ने किया चेकपोस्ट का निरीक्षण
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2026 के तहत 23 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर जामताड़ा जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पश्चिम बंगाल से सटे मिहिजाम, नाला, बागडेहरी और कुंडहित थाना क्षेत्रों में सात अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट सक्रिय किए गए हैं।
मतदान से 48 घंटे पहले ही सीमाओं को सील कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। इसी क्रम में 22 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने नाला थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों का दौरा कर महेशमुंडा और अफजलपुर चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान तैनात पुलिस पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस बल को वाहनों की सघन जांच करने का निर्देश दिया गया। साथ ही किसी भी प्रकार की अवैध सामग्री के परिवहन पर पूर्ण रोक लगाने और संदिग्ध वस्तुओं की जब्ती सुनिश्चित करने को कहा गया।
अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि चेकपोस्ट पर सतर्कता बढ़ाई जाए और हर आने-जाने वाले वाहन पर कड़ी निगरानी रखी जाए। इस दौरान नाला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार महतो,जामताड़ा एसडीपीओ विकास आनंद लागोरी और कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार,बागडेहरी थाना प्रभारी किशन कुमार,नाला थाना प्रभारी विकास कुमार यादव,मीहीजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा भी मौजूद रहे, जिन्हें सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

