मट्टांड़ में शिव शक्ति महायज्ञ को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र के मट्टांड (झिलुवा) में नौ दिवसीय 1008 शिव शक्ति महायज्ञ सह मां पार्वती मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में बुधवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने मट्टांड नदी से जल भरकर पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच यात्रा की शुरुआत की। इसके बाद महिलाएं और कन्याएं सिर पर कलश लेकर डीजे, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ नगर भ्रमण करते हुए मंदिर प्रांगण पहुंचीं।
इस धार्मिक आयोजन में आसपास के सैकड़ों गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। यज्ञ समिति द्वारा बढ़ती गर्मी को देखते हुए जगह-जगह जल, शरबत, सड़क पर पानी का छिड़काव, स्वास्थ्य कर्मियों और एंबुलेंस की समुचित व्यवस्था की गई थी।
नौ दिवसीय महायज्ञ में प्रतिदिन सुबह-शाम पूजा, हवन और आराधना होगी, जबकि संध्या में कथा प्रवचन और भक्ति जागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 22 से 30 अप्रैल तक विभिन्न कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। समापन के दिन 30 अप्रैल को Shahnaz Akhtar भक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी।
आयोजन को सफल बनाने के लिए 16 विभागों में स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

