राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित टाटा-कांड्रा मुख्य सड़क पर अवैध पार्किंग के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त अभियान चलाकर व्यवस्था दुरुस्त करने की दिशा में बड़ी कार्रवाई की। ट्रैफिक प्रभारी इंस्पेक्टर राजू कुमार के नेतृत्व में सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाया गया और नियमों का उल्लंघन करने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई। अभियान के दौरान माइकिंग कर स्पष्ट किया गया कि मुख्य सड़क पर किसी भी तरह की अवैध पार्किंग अब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान स्कूल बस, कार, दोपहिया और तिपहिया वाहनों को तत्काल हटवाया गया, जिससे यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सका। ट्रैफिक प्रभारी ने दो टूक कहा कि सड़क पर वाहन खड़ा करना न केवल यातायात बाधित करता है, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना, वाहन जब्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों के उपयोग की अपील करते हुए सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने का आग्रह किया गया। पुलिस ने यह भी साफ किया कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि शहर को जाम की समस्या से राहत मिल सके। इस सख्त कार्रवाई के बाद सड़क पर यातायात काफी हद तक सुगम हो गया और स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के इस कदम का समर्थन किया।

