मानगो फ्लाईओवर से जाम से मिलेगी राहत, 31 जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या के बीच मानगो फ्लाईओवर लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आ रहा है। 2.8 किलोमीटर लंबे इस चार लेन फ्लाईओवर का निर्माण 252 करोड़ रुपये की लागत से तेजी से किया जा रहा है और इसे 31 जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
परियोजना के सभी 57 पिलर बनकर तैयार हो चुके हैं और अब काम अंतिम चरण में है। फ्लाईओवर शुरू होने के बाद साकची से डिमना तक का सफर आसान और तेज हो जाएगा, जिससे रोजाना लगने वाले जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में मानगो, साकची, मरीन ड्राइव, बस स्टैंड गोलचक्कर, ओल्ड पुरुलिया रोड और डिमना रोड जैसे इलाकों में जाम की समस्या आम है, जिससे लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है।
अधिकारियों के अनुसार, फ्लाईओवर के चालू होने पर भारी वाहनों को ऊपर से डायवर्ट किया जाएगा, जिससे नीचे की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा।

