राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला जिला भाजपा कार्यालय में रविवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हरेकृष्णा प्रधान ने की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री सह पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष बढ़कुवर गगराई उपस्थित रहे। उन्होंने डॉ. अंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने वंचितों, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया।
इस मौके पर आदित्यपुर के महापौर संजय सरदार ने भी संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
संगोष्ठी के बाद जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में जिले के सभी 23 मंडल कमेटियों के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि संगठन जनता की समस्याओं को लेकर मुखर रहेगा और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगा।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन जिला महामंत्री राकेश मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. भूषण टुडू ने दिया।

