ऊर्जा मित्रों की मांग तेज: स्थायी नौकरी, वेतन भुगतान और सुविधाओं को लेकर पोस्टकार्ड अभियान
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: बिजली विभाग में कार्यरत ऊर्जा मित्रों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम पोस्टकार्ड भेजकर ध्यान आकर्षित किया है। लगातार बढ़ती परेशानियों के कारण ऊर्जा मित्रों में असंतोष और चिंता का माहौल देखा जा रहा है।
कर्मियों का कहना है कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल पाता, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है। इसके अलावा, उनका मानदेय भी वर्तमान महंगाई के अनुरूप नहीं है, जिससे दैनिक जीवन चलाना मुश्किल हो गया है। ऊर्जा मित्रों ने यह भी बताया कि स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद उनकी नौकरी पर खतरा मंडरा रहा है, जिससे भविष्य को लेकर असुरक्षा बढ़ गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें पीएफ और बीमा जैसी जरूरी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं, जो किसी भी कर्मचारी के लिए बुनियादी अधिकार हैं। इन सुविधाओं के अभाव में वे असहज महसूस कर रहे हैं।
ऊर्जा मित्रों ने बकाया वेतन के जल्द भुगतान, मानदेय में वृद्धि और स्थायी नौकरी की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें मानव दिवस कर्मी के रूप में समायोजित कर भविष्य सुरक्षित किया जाए। उन्होंने सरकार से जल्द समाधान की अपील की है।

