पाथरचुड़ गांव में सात दिवसीय भागवत कथा को लेकर भव्य कलश यात्रा
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड के बाबूपुर पंचायत अंतर्गत पाथरचुड़ गांव में सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा के आयोजन के उपलक्ष्य में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा गाजे-बाजे और पूरे उत्साह के साथ संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कलश यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंग गया और “राधे-राधे”, “जय श्री कृष्णा” तथा “धर्म की जय हो” जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
श्रद्धालु महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत की, वहीं पुरुष एवं युवा वर्ग भी पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान गांव में एक आध्यात्मिक और श्रद्धामय माहौल देखने को मिला, जिसने सभी को आकर्षित किया।
इस आयोजन में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। पूर्व जिला परिषद सदस्य भजहरि मंडल, वरिष्ठ नेता कृष्णा गोपाल महतो तथा कुंडहित प्रखंड प्रमुख राजकिशोर सहित पाथरचुड़ गांव के सभी ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
आयोजकों ने बताया कि सात दिनों तक चलने वाली भागवत कथा में विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा, जिससे लोगों को आध्यात्मिक ज्ञान और संस्कारों की प्रेरणा मिलेगी।

