जामताड़ा में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। 16 अप्रैल 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के काशीटांड़ गांव में छापेमारी की। कार्रवाई उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पीछे परती जमीन के पास की गई, जहां आरोपी साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सुरेश कुमार दास (24) और दीपक कुमार दास (19) को गिरफ्तार किया। दोनों जामताड़ा जिले के निवासी हैं। इनके पास से 7 मोबाइल फोन और 7 सिम कार्ड बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी फर्जी मोबाइल और सिम का इस्तेमाल कर देशभर में लोगों को निशाना बना रहे थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी एक्सिस बैंक के नाम पर व्हाट्सएप मैसेज भेजकर लोगों को APK फाइल डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करते थे। KYC अपडेट के बहाने डाउनलोड कराई गई इस फाइल के जरिए वे लोगों की गोपनीय जानकारी हासिल कर ई-वॉलेट के माध्यम से ठगी करते थे।
इस मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 22/26 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

