राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल द्वारा चांडिल स्टेशन पर इन दिनों सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों पर रोक लगाना और रेलवे राजस्व में बढ़ोतरी करना है।
अभियान के दौरान टिकट जांच टीम ने बिना टिकट यात्रा करने वाले, अनियमित टिकट धारकों और प्लेटफॉर्म टिकट के बिना स्टेशन परिसर में प्रवेश करने वाले कई यात्रियों को पकड़ा। ऐसे यात्रियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उनसे जुर्माना और उचित किराया वसूला गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। मंडल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे के नियमों का पालन करें, ताकि किसी तरह की परेशानी या दंड से बचा जा सके।
रेलवे का कहना है कि इस तरह के अभियान से न सिर्फ नियमों का पालन सुनिश्चित होता है, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर सेवाएं देने में भी मदद मिलती है।

