राष्ट्र संवाद संवाददाता
पथ निर्माण विभाग की ओर से गम्हरिया में टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग स्थित एमटीसी बिल्डिंग से सापड़ा होकर एनएच 33 को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण में खराब गुणवत्ता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शुक्रवार को आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार द्वारा निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़क के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से मुआयना किया। जांच के दौरान उक्त सड़क के निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी पाया गया। साथ ही, सड़क की परतें तय मापदंडों के अनुसार नहीं थी और प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता बेहद निम्न स्तर की पाई गई। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि ठेकेदार की ओर से आनन-फानन में काम पूरा करने की कोशिश की जा रही है। निरीक्षण के बाद मेयर संजय सरदार ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क निर्माण में भारी अनियमितता बरती जा रही है। इस मामले की शिकायत सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों से किया जाएगा। कहा कि निर्माण स्थल से सामग्री को जब्त कर उसे गुणवत्ता जांच के लिए भेजा जाएगा। तत्पश्चात, संवेदक पर कार्रवाई की जाएगी।

