स्वर्णरेखा व धातकीडीह में मछलियों की मौत पर उच्चस्तरीय जांच की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से बाबुडीह स्थित स्वर्णरेखा नदी एवं धातकीडीह तालाब में बड़ी संख्या में मछलियों के मरने की घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (JSPCB) की जांच रिपोर्ट को सतही और अविश्वसनीय बताया है।
राय ने कहा कि मछलियों की मौत के पीछे वास्तविक कारणों का पता लगाना जरूरी है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ऑक्सीजन की कमी और तापमान में उतार-चढ़ाव को कारण बताया है, लेकिन यह निष्कर्ष पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि शहर के वातावरण और जलस्रोतों में कौन से प्रदूषक तत्व बढ़ रहे हैं, जिससे ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है।
विधायक ने टाटा स्टील के बहिस्राव नाले से नदी में जाने वाले अपशिष्ट में प्रदूषकों की मात्रा सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही बीओडी, सीओडी और साइनाइड जैसे खतरनाक तत्वों की निगरानी और उनके आंकड़े सार्वजनिक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये जानकारी JSPCB और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है।
सरयू राय ने उपायुक्त, जो जिला पर्यावरण समिति के अध्यक्ष भी हैं, से इस मामले में गहन जांच कराने और किसी थर्ड पार्टी एजेंसी से निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

