राष्ट्र संवाद संवाददाता
नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया के वार्ड संख्या 7 और 8 में तीन तालाबों का करीब 1.68 करोड़ रुपए की लागत से सौंदर्यीकरण किया जाएगा। गुरुवार को उन तीन तालाबों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार और डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने संयुक्त रूप से विधिवत नारियल फोड़कर तथा शिलापट्ट अनावरण कर किया। इस दौरान पार्षद परितोष बेज और मोना बेसरा भी मौजूद रहे। इस मौके पर मेयर संजय सरदार ने कहा कि यह तीनों तालाब क्षेत्र की लाइफलाइन हैं। इनके पुनरुद्धार से न केवल स्थानीय निवासियों को सुविधा होगी, बल्कि भीषण गर्मी के दौरान गिरते जलस्तर को रोकने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि तालाबों के सौंदर्यीकरण से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण भी सुनिश्चित होगा। डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि केवल तालाब की सफाई ही नहीं, बल्कि यहां जनसुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। तालाब के समीप ही शौचालय, ओपन जिम और वॉकिंग ट्रैक का निर्माण कराया जाएगा ताकि स्थानीय लोग स्वास्थ्य लाभ ले सकें। इस दौरान मेयर और डिप्टी मेयर ने वार्ड के लोगों से सीधा संवाद किया। स्थानीय लोगों ने जल-जमाव और गंदगी की गंभीर समस्या उनके समक्ष रखी। मेयर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए आश्वासन दिया कि ड्रेनेज और सफाई की व्यवस्था को जल्द ही दुरुस्त कर लिया जाएगा। इस मौके पर सिंटू गोराई, प्रदीप दंडपात, उदय गुप्ता, किशन प्रधान समेत काफी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे।

