जामताड़ा में समाज कल्याण योजनाओं की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण, बुनियादी सुविधाओं एवं विभिन्न योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों में भवन, पेयजल, शौचालय और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। जर्जर भवनों में संचालित केंद्रों को तत्काल बंद करने तथा जिन केंद्रों में बिजली की सुविधा नहीं है, वहां 15 अप्रैल तक कनेक्शन सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही जिन केंद्रों में रसोईघर नहीं है, वहां निर्माण हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।
पोषण वाटिका को बढ़ावा देने के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों में फलदार पौधे लगाने पर जोर दिया गया। वहीं कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कई महिला पर्यवेक्षिकाओं के वेतन को अगले आदेश तक स्थगित रखने का निर्देश दिया गया।
रिक्त पदों को भरने के लिए आंगनवाड़ी सेविका के 19 एवं सहायिका के 43 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने तथा संबंधित 18 प्रस्तावों को 15 अप्रैल से पूर्व निष्पादित करने को कहा गया। साथ ही सेविकाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देने एवं केंद्रों के नियमित संचालन की निगरानी के निर्देश भी दिए गए।

