रामगढ़ के भूरकुंडा में पुलिस-अपराधी मुठभेड़,फायरिंग में घायल हुआ कुख्यात दुबे गिरोह का सदस्य
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रामगढ़पुलिस के द्वारा लगातार राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता मिली। भूरकुंडा ओपी क्षेत्र में छापामारी के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई l जिसमें गिरोह का सक्रिय सदस्य सनी सिंह गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।पुलिस सूत्रों के अनुसार, राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था, जो लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि गिरोह का सक्रिय सदस्य सनी सिंह भूरकुंडा क्षेत्र में घूम रहा है और अपने साथियों के साथ मिलकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर एसआईटी टीम ने भूरकुंडा और पतरातू क्षेत्र में सघन छापामारी शुरू की। इसी क्रम में जानकारी मिली कि भूरकुंडा स्थित दुमुहाना मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी करते हुए तलाशी अभियान शुरू किया।
छापामारी के दौरान संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस वाहन को देखते ही अचानक फायरिंग शुरू कर दी। अपराधी की गोली थाना प्रभारी पतरातू की गाड़ी के शीशे और बंपर में जा लगी। हालांकि, इस हमले में थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए।
जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी सनी सिंह के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तत्काल कब्जे में लेकर प्राथमिक उपचार के बाद भूरकुंडा स्थित सीसीएल अस्पताल भेज दिया।
घटनास्थल से पुलिस ने दो देसी पिस्तौल, एक मोबाइल फोन और एक लेदर बैग बरामद किया है। पुलिस बरामद सामान की जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है l
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।

