रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले अंतर्गत मानगो थाना क्षेत्र के कुंवर बस्ती स्थित अशोका टॉवर फेज-2 में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां छठी मंजिल का छज्जा अचानक गिरने से उसके मलबे में दबकर 60 वर्षीय मनोहर धीवर की मौत हो गई। बताया जाता है कि मनोहर धीवर पास की दुकान से सामान लेने निकले थे, तभी अचानक छज्जे का हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा और वे उसकी चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर बहुमंजिला इमारतों की निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छज्जा गिरने के पीछे लापरवाही या निर्माण में खामी जिम्मेदार थी या नहीं।

