राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल स्थित नीमडीह प्रखंड के जामडीह गांव में सोमवार देर रात एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। दलमा वन्यजीव अभयारण्य से भटका हाथी गांव में घुस आया और स्थानीय दुकानदार मदन दास की दुकान को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी ने दुकान की दीवार और छत तोड़ दी तथा अंदर रखे अनाज व सामान को नष्ट कर दिया। गनीमत रही कि घटना के वक्त दुकान में कोई मौजूद नहीं था।
ग्रामीणों ने शोर और मशाल के सहारे हाथी को गांव से खदेड़ा, जिसके बाद वह जंगल की ओर लौट गया। वहीं, उसी रात कुशपुतुल (बड़तल) सिरका रोड इलाके में भी हाथी ने एक घर का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, हालांकि लोहे का दरवाजा होने से बड़ा नुकसान टल गया।
घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही हाथियों का झुंड रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर रहा है। प्रभावित दुकानदार ने मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपील की

