राष्ट्र संवाद, संवाददाता, गम्हरिया
आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया के शिवनारायणपुर से बीते 08 जनवरी से लापता किशोरी को पुलिस ने बीते सोमवार की देर रात सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में नामजद आरोपी गम्हरिया के शांतिनगर निवासी शंभू मिर्धा को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस बावत एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद एसपी के निर्देश पर उनके नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। टीम में शामिल पुलिस अधिकारी राजेंद्र सिंह ने तकनीकी सेल की मदद से सोमवार की देर रात छापेमारी कर किशोरी और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार अपना लोकेशन बदल रहा था। इस कारण गिरफ्तारी में देर हो रही थी। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया। तत्पश्चात, मंगलवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बताया कि मामले की आगे की अनुसंधान प्रक्रिया जारी है और अपहृता का बयान दर्ज कराने के साथ-साथ अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।

