राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाकुलिया : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की एक महत्वपूर्ण बैठक चाकुलिया के लखीमपुरा में राज्य परिषद सदस्य एवं बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता मनोरंजन महतो की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक में संगठन को मजबूत एवं विस्तारित करने के उद्देश्य से प्रखंड समिति के शीघ्र गठन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि सभी प्रखंडों में जल्द व्यापक बैठक कर संगठन को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ किया जाएगा।
नेताओं ने चाकुलिया क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ जन आंदोलन छेड़ने की रणनीति बनाते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर “सड़क से सदन तक” संघर्ष किया जाएगा और आम लोगों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।
इस दौरान अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने और क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में कई कार्यकर्ताओं ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की।
जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने संगठन विस्तार हेतु जिम्मेदारियां सौंपते हुए बताया कि मनोरंजन महतो को बहरागोड़ा, धालभूमगढ़ एवं चाकुलिया प्रखंड का दायित्व दिया गया है। वहीं वीर सिंह देवगम को पोटका, डुमरिया एवं जमशेदपुर के 22 पंचायतों में संगठन विस्तार की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा गणेश नायर को घाटशिला, गुड़ाबांधा एवं मुसाबनी प्रखंडों का दायित्व सौंपा गया है।
बैठक में वीर सिंह देवगम, गणेश नायर, होल्डर मुर्मू, दिनेश कुमार सिंह, दिनेश कालिंदी, जितेंद्रनाथ ग्वाला, विपुल विकास महतो, संजय कालिंदी, अनिल कुमार पातर, अनीता मुर्मू, बलही सोरेन, मीनू मुर्मू, कन्हाई मंडी, तापस कुमार डे, सुनील राणा, चिंटू सिंह, अमल गोप, उत्तम पातर, सुभाष चंद्र महतो, पिंकु सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

